सिंदूर पार्क के जिला संवाद में डीएमएफ पर गरमाई सियासत, ओपी चौधरी के जवाब से कुंद पड़ी विपक्ष की धार

अपने कार्यकाल में डीएमएफ का हिसाब नहीं दे पाए कांग्रेसी विधायक, पूछ बैठे पूरे जिले का हिसाब

भूपेश राज में बंदरबांट के आरोपों से घिरी निधि, भाजपा सरकार में विकास कार्यों का माध्यम बनी डीएमएफ — वित्त मंत्री ने आंकड़ों के साथ रखा पक्ष

रायगढ़ । सिंदूर पार्क में आयोजित जिला संवाद इस बार महज संवाद का मंच नहीं रहा, बल्कि डीएमएफ (जिला खनिज न्यास निधि) को लेकर सियासी बहस का अखाड़ा बन गया। खरसिया विधायक उमेश पटेल, लैलूंगा विधायक विद्यावती सिदार और धर्मजयगढ़ विधायक लालजीत राठिया ने डीएमएफ निधि के उपयोग को लेकर लगातार सवाल उठाए। विपक्ष का आरोप था कि खनिज प्रभावित क्षेत्रों के विकास के लिए निर्धारित इस राशि का उपयोग अपेक्षित क्षेत्रों में करने के बजाय कुछ चुनिंदा इलाकों में अधिक किया जा रहा है।

विपक्ष के तीखे सवालों के बीच जब वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक ओपी चौधरी की बारी आई, तो उन्होंने बहस का रुख ही बदल दिया। आरोपों का जवाब आरोपों से देने के बजाय उन्होंने शालीनता, सहज मुस्कान और आंकड़ों के साथ अपना पक्ष रखा। कागजों से जिले का हिसाब सामने रखते हुए उन्होंने बताया कि रायगढ़ जिले के विभिन्न विकासखंडों में डीएमएफ के तहत कितने प्रतिशत कार्य स्वीकृत किए गए हैं।

विपक्ष सवालों के साथ आया था, वित्त मंत्री आंकड़ों के साथ जवाब लेकर खड़े हुए। यही वह क्षण था, जिसने जिला संवाद की पूरी बहस को नई दिशा दे दी।

आंकड़ों ने खोली विकास की तस्वीर

ओपी चौधरी ने रायगढ़, पुसौर, लैलूंगा, खरसिया, धर्मजयगढ़ सहित जिले के विभिन्न क्षेत्रों में डीएमएफ निधि के उपयोग का विवरण सामने रखा। उनके द्वारा प्रस्तुत आंकड़ों के अनुसार, पिछले दो वर्षों में रायगढ़ विकासखंड में लगभग 18.5 प्रतिशत, धर्मजयगढ़ में 27 प्रतिशत, घरघोड़ा में 11 प्रतिशत, तमनार में 13 प्रतिशत, लैलूंगा में 29 प्रतिशत और पुसौर में 2.5 प्रतिशत कार्य स्वीकृत किए गए हैं।

इन आंकड़ों के जरिए वित्त मंत्री ने यह संदेश देने की कोशिश की कि डीएमएफ निधि किसी एक क्षेत्र या व्यक्ति की जागीर नहीं, बल्कि पूरे जिले के विकास का माध्यम है। उन्होंने स्पष्ट किया कि निधि के उपयोग में क्षेत्रीय आवश्यकताओं और विकास कार्यों को प्राथमिकता दी जा रही है।

ओपी चौधरी ने यह भरोसा भी दिलाया कि उनके रहते डीएमएफ की राशि का दुरुपयोग नहीं होने दिया जाएगा। उनका जवाब केवल आश्वासन तक सीमित नहीं रहा, बल्कि उन्होंने अपने पक्ष को आंकड़ों के आधार पर रखने का प्रयास किया।

पुराने दौर के सवाल, नए दौर का जवाब

डीएमएफ निधि को लेकर विपक्ष की आलोचना के बीच भूपेश सरकार का कार्यकाल भी चर्चा में आया। कांग्रेस शासन के दौरान इस निधि के उपयोग को लेकर बंदरबांट, अनुपयोगी खरीदी और मनमाने भुगतान जैसे आरोप राजनीतिक बहस का हिस्सा रहे थे। उस दौर में डीएमएफ की पारदर्शिता और खर्च की प्राथमिकताओं को लेकर भी सवाल उठते रहे।

जिला संवाद में ओपी चौधरी ने इसी संदर्भ में वर्तमान सरकार की कार्यशैली को अलग बताते हुए कहा कि अब डीएमएफ की राशि खरीदी-बिक्री के बजाय स्कूलों के जीर्णोद्धार, स्कूल भवन निर्माण, सड़क निर्माण तथा एमएमजीएसवाई और पीएमजीएसवाई जैसी विकास योजनाओं में खर्च की जा रही है।

यहां बहस का एक महत्वपूर्ण पहलू यह भी रहा कि विपक्षी विधायकों ने वर्तमान सरकार से पूरे जिले के खर्च का हिसाब तो मांगा, लेकिन अपने कार्यकाल में डीएमएफ निधि के उपयोग और उससे हुए विकास कार्यों का विस्तृत विवरण सामने रखने में वे अपेक्षित स्पष्टता नहीं दिखा सके। ऐसे में सवाल केवल वर्तमान खर्च का नहीं, बल्कि पिछली सरकारों के कार्यकाल में निधि के उपयोग की जवाबदेही का भी बनता है।

आरोपों के बीच तथ्य रखने की शैली बनी चर्चा का विषय

जिला संवाद में ओपी चौधरी की प्रस्तुति का सबसे उल्लेखनीय पक्ष उनका जवाब देने का तरीका रहा। राजनीतिक मंचों पर अक्सर आरोप-प्रत्यारोप और तीखी बयानबाजी देखने को मिलती है, लेकिन यहां वित्त मंत्री ने शांत मुद्रा में कागजों और आंकड़ों के सहारे अपनी बात रखी।

उनकी इस शैली को मंच पर मौजूद जनप्रतिनिधियों और दर्शकों के बीच सराहना मिली। लोगों की प्रतिक्रिया थी कि विकास और सरकारी निधियों के उपयोग पर बहस केवल आरोपों से नहीं, बल्कि प्रमाणित आंकड़ों और स्पष्ट जवाबदेही से आगे बढ़नी चाहिए।

हालांकि डीएमएफ निधि के क्षेत्रवार वितरण और वास्तविक उपयोग को लेकर विपक्ष के सवालों का महत्व अपनी जगह है, लेकिन जिला संवाद में वित्त मंत्री द्वारा प्रस्तुत आंकड़ों ने बहस को एक ठोस आधार जरूर दिया।

सिंदूर पार्क के इस संवाद ने एक राजनीतिक संदेश भी छोड़ा—जब सवालों के जवाब आंकड़ों से दिए जाते हैं, तो बहस का स्वर और उसका प्रभाव दोनों बदल जाते हैं। ओपी चौधरी ने इस मंच पर यही दिखाने की कोशिश करी कि विकास की राजनीति केवल दावों से नहीं, बल्कि हिसाब-किताब और काम की तस्वीर सामने रखने से मजबूत होती है।